Helpline +919415567039 || et.up@smarthindustan.news

Updated Mon, 10 May 2021 11:35 PM

कुंवरपुर नगरिया में शांतिपूर्वक 81.45 फीसद मतदान

जागरण संवाददाता, एटा : सकीट विकास खंड की ग्राम पंचायत कुंवरपुर नगरिया में शांतिपूर्वक 81.45 फीसद वोट डाले गए। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। पूर्व में प्रधान पद के प्रत्याशी का निधन हो गया था। इसके बाद मतदान हुआ है। कुंवरपुर नगरिया में प्रधान पद के उम्मीदवार रामविलास कोरोना पाजिटिव थे। 16 अप्रैल को रामविलास का निधन हो गया था। इसके बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया। उस समय छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। बाद में पुन: नामांकन प्रक्रिया हुई, जिसमें मृतक प्रधान प्रत्याशी की पत्नी नन्ही देवी समेत छह प्रत्याशियों ने पुन: नामांकन किया, जिसके लिए मतदान की तिथि 9 मई निर्धारित की गई थी। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई और सुबह 11 बजे तक 50.83 फीसद वोटिग हो चुकी थी, जबकि 1 बजे तक 65.7 फीसद वोट डाले जा चुके थे। 3 बजे तक 74.55 और 5 बजे तक 81.24 फीसद मतदान हुआ था। मतदान की प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलती रही। जिला प्रशासन ने तीन मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई थी। खास बात यह रही कि बहुतायत में फोर्स की तैनाती की गई थी। मतदान के दौरान शिकवा-शिकायतों का दौर भी ज्यादा नहीं चला। हालांकि दो एजेंटों के बीच हल्का विवाद हुआ, लेकिन मामले को वहीं रफा-दफा कर दिया गया। शाम तक निर्बाध रूप से वोट डाले जाते रहे और मतदान का अच्छा फीसद निकलकर सामने आया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश देखा गया। जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने बताया कि कुंवरपुर नगरिया में शांतिपूर्वक मतदान हुआ है और मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

पेयजल संकट, तेज धूप से परेशान पड़ाव के दुकानदार

जागरण संवाददाता, एटा: कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने सब्जी की दुकानें सैनिक पड़ाव में लगाने का आदेश जारी किया है। मगर वहां दुकान लगाने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी नहीं कराई गई है। इसके अलावा तेज धूप से परेशान दुकानदार गंदगी के साम्राज्य से भी दुखी हैं। जिसे लेकर वे प्रशासन को कोसते हुए दिखाई दे रहे हैं। बाजार के अंदर सब्जी खरीद पर होने वाली भीड़ को हटाने के लिए प्रशासन ने सैनिक पड़ाव में सब्जी की दुकान लगाने का आदेश देते हुए अच्छी पहल की है। मगर पड़ाव में लोगों की सुविधाओं के लिए इंतजाम न किए जाने को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

मां ने दुलारा, बच्चे बोले तू ही सहारा

जागरण संवाददाता, एटा : अपना निवाला छोड़कर मेरी खातिर तूने भंडार भरे, हे मां हर बार मुझे तेरी कोख से ही जन्म मिले''। कुछ इसी तरह की पंक्तियां मदर्स डे पर मां के प्रति बच्चों ने प्रेम का इजहार करते हुए प्रस्तुत कीं। रविवार को लाकडाउन के मध्य भले ही न गिफ्ट थे और ना ही बाहर दिखाई देने वाली उमंग, लेकिन घरों में रहकर ही मां और बच्चों में दिवस का उत्साह खूब दिखा। मदर्स डे का यह दूसरा साल था जब बच्चों को घरों में रहकर ही यह खास दिवस मनाना पड़ा। कई दिनों से लगातार लाकडाउन होने के कारण इस बार भी वह मां के लिए गिफ्ट नहीं खरीद सके। सुबह उठते ही बच्चों ने मां को विश किया और आशीर्वाद लिया। मां भी लगातार घर पर ही रह रहे बच्चों को दुलारते उनके स्वस्थ रहने तथा उज्ज्वल भविष्य की दुआएं करती रहीं। इंटरनेट मीडिया पर रही शुभकामनाओं की धूम